वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ का सफर अब महंगा हो गया है। एनएचएआई ने फरीदपुर टोल की दरें बढ़ाई दी हैं। बढ़ी दरें बुधवार रात 12 बजे से लागू हो गईं। अब वाहन स्वामियों को टोल से गुजरने पर पहले से अधिक रुपये चुकाने होंगे।
बरेली-लखनऊ हाईवे पर स्थित फरीदपुर टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बुधवार रात 12 बजे से नई दरें लागू की हैं। इससे अब शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ का सफर महंगा हो गया है। 24 घंटे में यहां से 18 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। औसतन 30 लाख रुपये प्रतिदिन टोल टैक्स मिलता है। अब 34 लाख रुपये प्रतिदिन वसूली होगी।
टोल की पुरानी व नई दरें वाहन | पहले | अब |
एक बार - दो बार | एक बार - दो बार | |
कार, जीप, वैन | 100 -130 | 150 - 195 |
हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बस | 160 - 210 | 240 - 310 |
बस और ट्रक | 340 - 505 | 435 - 655 |
तीन धुरी वाणिज्यिक वाहन | 370 - 555 | 475 - 715 |
4 से 6 धुरी वाले बड़े वाहन | 530 - 795 | 685 - 1025 |
सात व उससे अधिक धुरी वाले वाहन | 645 - 965 | 830 - 1245 |
(नोट : टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए मासिक पास की दर 330 रुपये ही रहेगी।)
एनएचएआई के प्रोजेक्टर डायरेक्टर बीपी पाठक ने बताया कि 24 घंटे में औसतन 18 हजार वाहन गुजरते हैं। करीब 30 लाख रुपये टोल मिलता है। अब तीन से चार लाख रुपये का राजस्व बढ़ेगा। रोजा बाइपास चालू होने से राष्ट्रीय राममार्ग पर 10 किलोमीटर का सफर बढ़ा है। इसलिए टोल की दरों को संशोधित किया गया है।
हुलासनगरा ओवरब्रिज की एक लेन रही बंद
बरेली-लखनऊ हाईवे पर हुलासनगरा ओवरब्रिज (आरओबी) के तकनीकी निरीक्षण के लिए बुधवार को भी एक लेन बंद रही। दोनों ओर के यातायात को एक ही लेन से गुजारा गया। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएनएआई) और सीआरआरआई (सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट) की तकनीकी टीम जांच में जुटी रही। पांच दिन एक लेन और पांच दिन दूसरी लेन का मुआयना किया जाएगा। इस दौरान एक ही लेन से यातायात को गुजारा जाएगा। एक अक्तूबर से ओवरब्रिज पर यातायात सामान्य होगा।